पीएचसी सेमरी तरहर में मरीज देखते चिकित्सक। -संवाद
श्रावस्ती। अवकाश के दिनों में भी लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके इसलिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में सर्दी-खांसी व बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। वहीं, कुछ स्थानों पर त्वचा के रोगियों की संख्या भी अधिक रही।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के खुलने का समय सुबह 10 निर्धारित है। इसके इतर रविवार को आरोग्य मेले के दिन पीएचसी हरिहरपुररानी का ताला पूर्वाह्न पौने 11 बजे तक नहीं खुला। हालांकि, आसपास आवासित कुछ कर्मी अवश्य मौजूद रहे। सूचना पर पहुंचे फार्मासिस्ट प्रदीप ओझा ने आनन-फानन गेट का ताला खुलवाया। उन्होंने बताया कि डॉक्टर अभी तक नहीं पहुंचे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सत्यनारायण ने बताया कि चिकित्सक थोड़ी देर से पहुंचे हैं। आरोग्य मेले में लगभग 20 मरीजों का इलाज किया गया।
वीरपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समरी तरहर में डॉ. शकील की अध्यक्षता में आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 48 मरीज पहुंचे, जिनमें बुखार के आठ, त्वचा रोग के 12 व सर्दी-खांसी के नौ तथा शेष अन्य बीमारियों के मरीज रहे। इसी तरह से पीएचसी तिलकपुर में डॉ. इंद्रपाल के नेतृत्व में आयोजित आरोग्य मेले में 40 मरीजों का उपचार किया गया। इसमें बुखार के 15, सर्दी-खांसी के 10, त्वचा रोग के सात तथा शेष अन्य बीमारियों के मरीज रहे।
गिरंट बाजार प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदत्त नगर गिरंट में डॉ. सालिम मसूद के नेतृत्व में आरोग्य मेला आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 45 मरीज आए। इनमें त्वचा रोग के 18, बुखार के 13 व 14 मरीज सर्दी-खांसी से पीड़ित रहे। चिकित्सक ने मरीजों को सफाई रखने व माॅइस्चराइजर लगाने की सलाह दी।
कटरा प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा में डॉ. अदिति के नेतृत्व में जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 37 मरीज आए, जिनमें से सर्दी-खांसी के 18, बुखार के 12 व शेष अन्य बीमारियों के मरीज शामिल रहे। चिकित्सक ने ठंड के मौसम में एहतियात बरतने की सलाह दी। बच्चे व बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा।