श्रावस्ती। नेपाल सीमा से सटे सिरसिया के रनियाुपर गांव में एसएसबी व रेडक्रास सोसायटी की ओर से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। जहां से डीएम ने मिशन इंद्रधनुष के प्रथम चरण की शुरुआत की। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई के साथ ही उन्हें हाइजीन किट दी गई। इस दौरान 170 मरीजों व 85 पशुओं का उपचार किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम कृतिका शर्मा की मौजूदगी में पांच बच्चों का टीकाकरण किया गया। कैंप में मौजूद नेत्र चिकित्सक डाॅ. अश्विनी लाल मिश्र ने फ्लू के मरीजों का नेत्र परीक्षण किया। डाॅ. एसके मिश्र, डाॅ. मधू चक्रवर्ती व डाॅ. एसके सिंह ने 170 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं दी। जबकि पशु चिकित्सक डाॅ. इमरान ने 75 पशुओं का परीक्षण कर दवाएं वितरित की।
रेडक्रास की ओर से डीएम ने गांव की गर्भवती महिलाओं प्रतिमा, रवीना, आसी, दीपा, सुषमा, सीता, अनीता, ज्योति व दीपिका को हाइजीन किट दी। इस दौरान सीएमओ डाॅ. एपी सिंह ने मौसम जनित बीमारियों से बचने के उपाय बताए। इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से अरुण कुमार मिश्र ने सर्पदंश, वज्रपात व बाढ़ जैसी आपदाओं के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर एसडीएम भिनगा पीयूष जायसवाल, नायब तहसीलदार जागृति सिंह, सीनियर डिप्टी कमांडेंट निरुपेश कुमार, डिप्टी कमांडेंट सोनू कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट पंचानन महाजन, निरीक्षक ओंकार सिंह, डीपीओ पीके दास व दमयंती मौर्या सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।