सिरसिया (श्रावस्ती)। इलाहाबाद बैक शाखा सिरसिया से शुक्रवार देर रात घर लौट रहा बैंक का पीओ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। शाखा प्रबंधक की सूचना पर सिरसिया पुलिस द्वारा उसकी तलाश की जा रही है।
मऊ जिले के थाना व कस्बा मऊ निवासी अभिषेक कुमार पुत्र परशुराम इलाहाबाद बैक शाखा सिरसिया में प्रोविजन अधिकारी के पद पर तैनात है। वह भिनगा में किराए के मकान में रहता है। प्रतिदिन की भांति शुक्रवार रात करीब 10 बजे अभिषेक बैंक से भिनगा आवास के लिए निकला लेकिन मकान तक नहीं पहुंचा।
रात करीब 12 बजे आवास पर साथ में रहने वाले अन्य लोगों ने इलाहाबाद बैक सिरसिया के शाखा प्रबंधक रामशंकर को फोन कर अभिषेक के न आने का कारण पूछा। बैंक प्रबंधक ने अभिषेक के रात 10 बजे ही जाने की बात बताई।
साथ ही इसकी सूचना सिरसिया पुलिस सहित इलाहाबाद बैक के अग्रणी बैंक प्रबंधक अनंत खरे को दी गई। पुलिस सहित बैंक के अधिकारी रात से ही अभिषेक की तलाश कर रहे हैं। इसके बावजूद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता प्रोविजन अधिकारी अभिषेक का पता नहीं चल सका है।