श्रावस्ती। भिनगा नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर एक मोहल्ला मंगल भट्ठा पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनीता देवी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुईं। यहां सभासद का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित था। अनीता के चुने जाने से भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई।
नगर पालिका परिषद भिनगा के वार्ड नंबर एक मोहल्ला मंगल भट्ठा में सभासद का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित था जिस पर कमला देवी निर्वाचित हुई थीं। उनकी मौत हो जाने के कारण यहां सभासद का पद रिक्त हो गया। इस पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की गई थी।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस पद पर अनीता देवी पत्नी विशुन को अपना प्रत्याशी घोषित किया गया था जिनके मुकाबले किसी अन्य महिला द्वारा अपना नामांकन न कराए जाने के कारण अनीता देवी निर्विरोध सभासद चुनी गई।
उनके निर्विरोध चुने जाने पर भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर दयाल पांडे ने सभासद को पुष्प गुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही उनके अच्छे कार्य व वार्ड के विकास के लिए शुभकामनाएं भी दी। इस मौके पर भिनगा नगर पालिका परिषद के सभासद मौजूद रहे ।