फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दस बच्चों को कागजों में खिला दिया 19 बच्चों का एमडीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। परिषदीय विद्यालयों में छात्र व गुरुजनों की अनुपस्थिति तथा आंकड़ेबाजी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ जहां शिक्षक व शिक्षामित्र उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर बनाकर विद्यालय से नदारद रहते हैं, वहीं नगण्य छात्र संख्या को अधिक दिखाकर मध्याह्न भोजन के कनवर्जन कास्ट में भी खेल किया जा रहा है जिसका खुलासा सोमवार को सीडीओ ने किया। इस दौरान उन्होंने एक प्रभारी सहित तीन शिक्षक व एक शिक्षामित्र का वेतन व मानदेय अनुपस्थिति दिवस का अदेय कर दिया गया।
विज्ञापन

मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को हरिहरपुररानी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चकपिहानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि विद्यालय में 141 छात्र पंजीकृत हैं जबकि मौके पर मात्र 45 बच्चे ही उपस्थित मिले। इस दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि यहां तैनात शिक्षक द्वारा छात्रों की संख्या 76 दिखाई गई है। यहां बच्चों के लिए तहरी बनाई गई थी जिसका सैंपल देखा गया तो उसकी गुणवत्ता काफी खराब मिली।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय मक्कन पुरवा का निरीक्षण किया जहां तैनात सहायक अध्यापिका शिफाली व रामकुमार सहित शिक्षामित्र किरन देवी अनुपस्थित मिली। यहां बने एमडीएम का सैंपल भी नहीं मिला। इसके बाद सीडीओ ने इकौना के उच्च प्राथमिक विद्यालय दहावर कला का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां तैनात प्रधान शिक्षक दल शृंगार अनुपस्थित मिले।
विज्ञापन

यहां मौजूद सहायक अध्यापक हेमंत कुमार निषाद द्वारा एमडीएम पंजिका में बच्चों की संख्या 19 अंकित की गयी थी जिसे सीडीओ को आता देख काट कर 13 दर्शा दिया गया जबकि विद्यालय में वास्तविक रूप से मौके पर 10 बच्चे ही उपस्थित मिले। यहां भी मध्याह्न भोजन का सैंपल नहीं रखा गया था।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय हजरिया का निरीक्षण किया जहां उन्हें एमडीएम का सैंपल नहीं मिला। यहां 67 बच्चों के सापेक्ष मात्र 40 बच्चे ही उपस्थित मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने बीएसए को अनुपस्थित अध्यापकों व शिक्षामित्र का अनुपस्थिति के दिन का वेतन अदेय करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही निरीक्षण में मिली कमियों को दुरुस्त कराकर 10 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें