श्रावस्ती। बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए जिला पुलिस की ओर से बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र में स्थित बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों में जाकर जांच की। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया। एएसपी बीसी दूबे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने बैंक शाखाओं में जांच की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने नगर में पैदल गश्त कर व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने, दुकान पर काम करने वाले श्रमिकों का पुलिस से सत्यापन कराने, अनाधिकृत रूप से दुकान का चक्कर लगाने व संदिग्ध लोगों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने का निर्देश दिया।
वहीं सीओ सिटी हौसला प्रसाद ने लक्ष्मनपुर क्षेत्र में स्थित बैंक में लगे सीसीटीवी, सायरन सहित वाहनों की जांच किया। वहीं क्षेत्राधिकारी इकौना के नेतृत्व में पुलिस ने गिलौला व इकौना क्षेत्र के बैंक में लगे सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों सहित वाहनों की जांच की। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बैंक में उपस्थित लोगों से बैंक आने का कारण पूछा साथ ही उन्हें सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। बगैर मास्क व गमछा लगाए बाहर न निकलने की चेतावनी भी दी।