इकौना कस्बे में करवाचौथ का सामूहिक पूजन करती पंजाबी महिलाएं।
श्रावस्ती/इकौना। पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए बृहस्पतिवार को सुहागिनों ने करवाचौथ का व्रत रखा। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। शाम को सोलह शृंगार कर करवाचौथ की कथा सुनी। रात में चांद का दीदार करने के बाद चलनी से पति का चेहरा देखा और उनके हाथों पानी पीकर व्रत खोला। तराई क्षेत्र में करवाचौथ का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। पत्नियों को खुश करने के लिए पति दिनभर उपहार खरीदते नजर आए। महिलाओं ने हाथों में मेहंदी लगाकर पर्व की तैयारियां कीं और विधि-विधान से पूजन किया। गिलौला निवासी शिक्षिका पल्लवी ने पति की लंबी आयु की कामना के साथ व्रत रखा। वहीं, हनुमानगढ़ी निवासी सुनीता देवी ने अपने पति सुरेंद्रनाथ चौधरी की दीर्घायु के लिए व्रत रखा।
पंजाबी परिवार ने किया सामूहिक पूजन
इकौना कस्बे में पंजाबी परिवार की महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवाचौथ का पूजन किया। नरेश खोसला के घर आयोजित कार्यक्रम में सुनीता नय्यर ने करवाचौथ की कथा सुनाई। वरिष्ठ महिला शारदा नय्यर ने सभी महिलाओं को आशीर्वाद दिया। सुनीता नय्यर ने बताया कि पंजाबी परिवार में हर वर्ष उस घर में सामूहिक करवाचौथ मनाने की परंपरा है, जहां बेटे की शादी हुई हो या बेटे का जन्म हुआ हो। इस आयोजन में पूनम खोसला, नीतू नय्यर, सरिता खोसला, सेजल नय्यर, लता खोसला, प्रियंका, आस्था और रेखा सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने दांपत्य प्रेम और सुख-समृद्धि की कामना के साथ पर्व मनाया।