यूपी के श्रावस्ती में मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्ष्मणपुर कोठी निवासी नीतू यादव (27) की बुधवार की देर शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुरालीजन फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। वहीं, गांव में हत्या किए जाने की चर्चा है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नेपाल राष्ट्र के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मटेहिया निवासी बृजमोहन ने अपनी बेटी नीतू यादव का विवाह सात साल पहले लक्ष्मनपुर कोठी निवासी रामसेवक के साथ किया था। रामसेवक ने बताया कि बुधवार की शाम वह छत पर कुछ काम कर रहे थे।
नीतू डेढ़ साल के बेटे के साथ नीचे कमरे में थी। कुछ देर बाद अचानक बेटा रोने लगा, बेटे के रोने की आवाज सुन जब नीचे आए तो पत्नी का शव फंदे से लटकता मिला। मां के साथ आनन-फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ जांच की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।