जमुनहा (श्रावस्ती)। बेगमपुर निवासिनी विवाहिता ने गुरुवार रात फंदे से लटक कर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसे सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं विवाहिता के मायके वालों ने दहेज के लिए पुत्री को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए ससुरालीजनों के खिलाफ मल्हीपुर पुलिस से शिकायत की है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चिरैया रानीसीर के मजरा बेगमपुर निवासिनी मुफिदल निशा (22) पत्नी गुफरान ने गुरुवार रात अज्ञात कारणों से घर के अंदर कमरे में छत में लगे कुंडे में दुपट्टा बांध कर फांसी लगा ली। जिसे देख परिवारीजनों ने आननफानन उसे फंदे से नीचे उतारा। जिसे रात में ही परिवारीजन अपने साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर ले गए। जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं पड़ोसी गांव बहोरवा निवासी विवाहिता के मायके वालों ने मल्हीपुर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर दहेज के लिए मुफिदल निशा को आए दिन प्रताड़ित करने, मारने पीटने व आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह बताते हैं कि घटना की जानकारी है। यदि आरोपों की पुष्टि हुई तो कार्रवाई की जाएगी।