श्रावस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्ट्रेट स्थिति एनआईसी में मंगल दल के सदस्यों से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने युवक व महिला मंगल दल से साप्ताहिक स्वच्छता अभियान में सहयोग करने, लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ युवाओं को नशे से दूर करने के लिए उन्हें जागरूक करने को कहा।
कार्यक्रम में श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय ने महिला व युवक मंगल दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेलकूद किट का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा जोश व सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। युवा सशक्त होगा तो समाज भी मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से प्रदेश के युवक व महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन खेल सामग्री का वितरण किया है।
इसी के तहत जिले में भी खेल किट का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने, नशे से दूर करने व उनमें रचनात्मकता का बोध उत्पन्न करते हुए सकारात्मक मार्ग पर ले जाने की जो पहल की है उसे आप सभी पूरा करें। जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि टीमवर्क सफलता का आधार हैं।
खेल से टीमवर्क व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है। युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। नशा एक विकृति है, इससे दूर रहना आवश्यक है। इस मौके पर उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला युवा कल्याण अधिकारी एके कुशवाहा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कृष्ण स्वरूप मिश्रा व मंगल दल के सदस्य मौजूद रहे।