श्रावस्ती। विकास भवन परिसर में गुरुवार को श्रम विभाग की ओर से संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम व श्रावस्ती विधायक ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में अध्ययनरत 28 बालिकाओं को साइकिल वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि सरकार गरीबों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की 10वीं व 12वीं में अध्ययनरत 28 पुत्रियों को साइकिल वितरित की जा रही है। इससे उन्हें पढ़ने जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
बालिकाएं आगे की शिक्षा ग्रहण कर आगे बढ़ सकेंगी। जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि बालिकाएं किसी भी क्षेत्र में बालकों से पीछे नहीं है। जरूरत इस बात की है कि बिना भेदभाव के लड़कों के बराबर उन्हें भी शिक्षित करें, और आगे बढ़ने का मौका प्रदान किया जाए। प्रदेश सरकार की ओर से श्रमिकों के उत्थान एवं कल्याण के लिए कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
इसमें श्रमिकों को पात्रता के आधार पर लाभान्वित किया जा रहा है। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में अध्ययनरत बालिकाओं को निशुल्क साइकिल प्रदान की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि साइकिल पाने से निश्चित ही बालिकाएं अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखेंगी और आगे बढ़ेंगी।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से श्रमिकों के कल्याण व उत्थान के लिए मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा सहायता योजना सहित कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी के तहत बालिकाओं को साइकिल देकर मिशन शक्ति कार्यक्रम से जोड़ा गया है। इस मौके पर कई विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, बालिकाएं व उनके अभिभावक मौजूद रहे।