जमुनहा (श्रावस्ती)। भूमि पर हुए कब्जे को हटवाने की मांग को लेकर मल्हीपुर थाने आए बुजुर्ग की प्रभारी निरीक्षक ने पिटाई कर दी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी ने थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। वहीं सोनवा में तैनात रहे प्रभारी निरीक्षक को मल्हीपुर थाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भेला के मजरा मुरचाहवा निवासी माने पुत्र बैजू यादव ने साढ़े तीन बिस्वा भूमि गांव के ही संतराम को बैनामा किया था। इसके बाद मल्हीपुर खुर्द के मजरा संकल्पा निवासी त्रिभुवन यादव, सालिक राम व गंगाराम ने जमीन पर कब्जा कर लिया था। कब्जा करने वालों का कहना था कि दो वर्ष पूर्व ही उन्होंने माने से भूमि को खरीदने की बात की थी। वहीं माने का कहना था कि उससे बात तो हुई थी लेकिन विपक्षियों ने न तो उसे पैसा दिया और न ही दोबारा उस भूमि के संबंध में कोई बात ही किया।
कब्जे का विरोध करने पर विपक्षी मारपीट पर आमादा हो रहे हैं। इसी भूमि को खाली करवाने की मांग को लेकर पीड़ित दस दिन पूर्व मल्हीपुर थाने गया था। कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक से मिल कर प्रकरण में हस्तक्षेप की मांग की थी। इसके बाद बुधवार को माने मल्हीपुर थाने गया था। जहां थाना प्रभारी बृजेश द्विवेदी ने उसकी पिटाई कर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर बृजेश द्विवेदी को निलंबित कर दिया। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने बताया कि एसओ मल्हीपुर को निलंबित कर दिया गया है। उनके स्थान पर प्रभारी निरीक्षक सोनवा रहे दद़्दन सिंह को मल्हीपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है। वहीं क्राइम ब्रांच में तैनात रहे निरीक्षक विजय बहादुर को सोनवा थाने का प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक बृजेश द्विवेदी पर लगे आरोपों की जांच कराई जा रही है।