जिला चिकित्सालय में बंद डिजिटल एएक्सरे कक्ष।
श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में स्थापित डिजिटल एक्सरे कक्ष में बृहस्पतिवार को ताला लटका मिला। इससे मरीजों को जांच कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मरीजों की सुविधा के लिए जिला क्षय नियंत्रण कक्ष में लगी एक्सरे मशीन से जांच कराने की व्यवस्था की गई है।
विभाग की ओर से मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापित कराई गई थी, लेकिन पिछले दो दिनों से तकनीकी खराबी के कारण इसकी सेवा बंद है। नथुनिया मोड़ निवासी सौरभ अपनी दादी के पैर का एक्सरे कराने पहुंचे, लेकिन कक्ष बंद मिला। वहीं, सिसवा निवासी खुशबू को हाथ में दर्द के चलते चिकित्सक ने एक्सरे कराने की सलाह दी थी, लेकिन उन्हें भी डिजिटल एक्सरे की सुविधा नहीं मिल सकी।
सीएमएस डॉ. राजपाल सिंह ने बताया कि डिजिटल एक्सरे मशीन में तकनीकी खराबी आई है। शुक्रवार तक मशीन के संचालित होने की उम्मीद है। मरीजों को क्षय नियंत्रण केंद्र की एक्सरे मशीन से जांच कराने की जानकारी दी जा रही है। डिजिटल एक्सरे कक्ष के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दी गई है।