श्रावस्ती। हाई टेंशन लाइन पर बिजली गिरने से सिरसिया में 13 हजार उपभोक्ता तीन दिनों से अंधेरे में है। वहीं भिनगा में एक फीडर खराब होने के कारण न्यायालय सहित जिला अस्पताल में गुरुवार दिन भर अंधेरा रहा।
भरथा विद्युत उपकेंद्र से सिरसिया के 170 गांवों में बिजली की आपूर्ति की जाती है। यहां से लगभग 13 हजार उपभोक्ता जुड़े हुए है। जिले में यह उपकेंद्र सबसे लंबी लाइन का है। यह सीमा क्षेत्र को भी बिजली की आपूर्ति करता है। इस विद्युत लाइन के भरथा जगरनथिया के मध्य दो दिन पूर्व हाई टेंशन लाइन पर बिजली गिर गई थी। जिसके चलते पूरे इलाके में अंधेरा छा गया था। दो दिन तक विद्युत निगम के कर्मचारी यह ढूंढ़ते रह गए कि आखिर खराबी है कहां। दूसरे दिन जब कमी मिली तो जहां बिजली गिरी थी वहां के बीस इंसुलेटर दग गए थे। यही नहीं हाई टेंशन लाइन में कई स्थानों पर अन्य फाल्ट भी आ गए थे। जिसके चलते उपभोक्ताओं को गुरुवार देर शाम तक अंधेरे में रहना पड़ा।
वादकारी बरामदे में तो साहब चैंबर में रहे परेशान
भिनगा में एक फीडर खराब होने के कारण दीवानी न्यायालय व जिला अस्पताल में लोगों को पूरे दिन परेशानी का समाना करना पड़ा। न्यायालय की बिजली गुरुवार सुबह बाधित रही। जिसके चलते सुबह 11.00 बजे वादकारी न्यायालयों का कंप्यूटर न चलने के कारण अपने वाद की स्थिति जानने के लिए परेशान होकर बरामदे में टहल रहे थे। वहीं अधिकारी अपने चैंबर में गर्मी के कारण परेशान थे। अस्पताल की भी स्थिति बिजली के कारण गुरुवार को खराब थी। दोपहर 12.00 बजे तक बिजली न आने के कारण मरीजों को एक्सरे, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य मशीनें न चल पाने के कारण परेशानी का समाना करना पड़ा।
दोपहर बाद बिजली ठीक होने पर मिली राहत
न्यायालय परिसर व अस्पताल में करीब 12.00 बजे बिजली व्यवस्था बहाल हो पाई। यह बात और थी की दिन में कई बार बिजली आती व जाती रही। बिजली व्यवस्था बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं घोलिया उपकेंद्र में दोपहर 2.00 बजे बिजली व्यवस्था बहाल हो गई थी, लेकिन उपभोक्ताओं को करीब छह बजे विद्युत आपूर्ति दी गई।
सभी फीडरों से आपूर्ति बहाल
समस्या का समाधान किया जा चुका है। सभी फीडरों से विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी गई है। -दिनेश पाल सिंह, अधिशाषी अभियंता विद्युत