श्रावस्ती। सरकार की ओर से प्रदेश भर में स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी के तहत राजकीय हाईस्कूल गोठनी में शुक्रवार को स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सीओ भिनगा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। इस दौरान सीओ भिनगा ने बच्चों को सुरक्षा के कई टिप्स दिए।
सीओ भिनगा डॉ. जंग बहादुर यादव ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से अपराध की रोकथाम व नियंत्रण के साथ ही बच्चों को नैतिकता की जानकारी दी जा रही है। इसमें सड़क सुरक्षा, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ाई, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग और आपदा प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही नैतिकता, बुजुर्गों का आदर, सहानुभूति और सहनशीलता, धैर्य, टीम भावना और अनुशासन का भाव भी जगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को नैतिकता की सीख देकर पुलिस और स्कूली छात्रों के बीच सेतु बनाना है। यह कार्यक्रम आठवीं और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए चलाया जा रहा है। इसमें उन्हें मानवता और सामाजिक गतिविधियों के साथ जोड़कर समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उप निरीक्षक सर्वेश कुमार ने कहा कि नौवीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर एसपीसी के विद्यार्थियों के कैंप लगवाए जाएंगे।
इसमें यह देखा जाएगा कि एसपीसी के प्रशिक्षण में उन्होंने कितना सीखा। स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम में बच्चों को न केवल संस्कारी बनाया जाएगा, बल्कि उन्हें ईमानदार, मेहनत और लगन की सीख देते हुए आदर्श भारतीय नागरिक बनने की जानकारी दी जाएगी। एसपीसी कैडेटों के लिए एक विशेष यूनिफार्म, लोगो और झंडा भी लांच किया गया है।
कैडेटों के प्रशिक्षण का मूल्यांकन करने के बाद उन्हें प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। इसमें शिक्षक कम्युनिटी पुलिस ऑफिसर्स (सीपीओ) और अपर सीपीओ के रूप में काम करेंगे। जिन्हें पुलिस की ओर से प्रशिक्षित किया जाएगा। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक व काफी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।