श्रावस्ती/तुलसीपुर। नवंबर में चल रहे यातायात माह का असर तराई की सड़कों पर दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाने का दावा कर रही है, लेकिन हकीकत इससे उलट है। सड़कों पर बाइक सवार बिना हेलमेट तीन से चार लोगों को बैठाकर फर्राटा भर रहे हैं। चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाने से परहेज कर रहे हैं। ऑटो और ई-रिक्शा में भी क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है। बृहस्पतिवार को सड़कों पर कुछ ऐसे ही नजारे देखने को मिले।
ट्रैक्टर-ट्राॅली पर सवार होकर सफर
हादसों पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने मालवाहक वाहनों पर यात्रियों को बैठाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। विशेष रूप से ट्रैक्टर-ट्राॅली पर सवारियां बैठाकर यात्रा करने पर रोक है। इसके बावजूद जिले में इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। लोग बेखौफ होकर ट्रैक्टर-ट्राली पर सवारियां बैठाकर सफर कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को बहराइच-भिनगा फोरलेन पर दर्जनों ट्रैक्टर-ट्राॅलियों में लोग यात्रा करते नजर आए।
एक बाइक पर पांच लोग, बच्चों की जान जोखिम में
यातायात नियमों की सबसे अधिक अनदेखी बाइक सवार कर रहे हैं। एक ही बाइक पर तीन से चार व इससे अधिक लोगों को बैठाकर चलना आम हो गया है। पीछे दो से तीन लोगों के बैठने के साथ बच्चों को बाइक की टंकी और गोद में बैठाकर ले जाया जा रहा है। हेलमेट का प्रयोग भी नहीं किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को जमुनहा-बहराइच मार्ग पर तुलसीपुर के पास एक बाइक पर पांच लोग सवार दिखाई दिए। इनमें बच्चे भी शामिल थे।
बिना हेलमेट एक हाथ से चला रहे बाइक
बदला चौराहे के पास बृहस्पतिवार को एक बाइक पर तीन लोग बिना हेलमेट जाते दिखे। चालक एक हाथ से हैंडल पकड़कर बाइक चला रहा था, जबकि दूसरे हाथ से स्टाइल दिखा रहा था। इस तरह की लापरवाही न सिर्फ चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। यातायात माह के बावजूद ऐसे नजारे जागरूकता अभियान और कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
लगातार जागरूकता चौपाल लगा कर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही चेकिंग अभियान के तहत लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। चेकिंग का दायरा और बढ़ाया जाएगा।
मोहम्मद शमीम, यातायात प्रभारी
भिनगा-बहराइच मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉली में सफर करते लोग।- संवाद
भिनगा-बहराइच मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉली में सफर करते लोग।- संवाद