श्रावस्ती/तुलसीपुर। थाना समाधान दिवस में शनिवार को जमीन पर कब्जे और सीमांकन से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। सोनवा थाने में तुलसीपुर निवासी रजितराम सहाय ने विपक्षी पर न्यायालय के आदेश के बावजूद मेड़ तोड़कर जमीन पर दोबारा कब्जा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि तुलसीपुर गांव के गाटा संख्या 1445 के 1.996 हेक्टेयर रकबे के सीमांकन का वाद एसडीएम न्यायिक के न्यायालय में दायर किया था। राजस्व निरीक्षक की आख्या के आधार पर 29 अगस्त 2025 को न्यायालय ने पत्थर नसब का आदेश दिया था। चार जून 2026 को राजस्व निरीक्षक सोनवा ने मौके पर पत्थर नसब और मेड़बंदी कराई। आरोप है कि इसके बाद विपक्षी ने मेड़ तोड़कर फिर कब्जा कर लिया। 14 जुलाई को सोनवा थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। मामले में जांच के निर्देश दिए गए।
उधर, गिलौला थाने में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग और एसपी राहुल भाटी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तिलकपुर निवासी अनिल कुमार त्रिपाठी ने बंजर भूमि पर कब्जे की शिकायत की। इस पर डीएम ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा। डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और महिलाओं व बालिकाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसपी ने थाना प्रभारी को मौके पर जाकर समस्याओं का निस्तारण कराने को कहा। इस दौरान सीओ भरत पासवान मौजूद रहे।
48 शिकायतें पहुंचीं, 44 राजस्व से जुड़ीं
समाधान दिवस में कुल 48 शिकायतें आईं। इनमें 44 राजस्व और चार पुलिस से संबंधित थीं। कोतवाली भिनगा में छह, हरदत्तनगर गिरंट में आठ, नवीन मॉडर्न थाने में तीन, इकौना में पांच, गिलौला में सात, मल्हीपुर में सात और सोनवा में आठ शिकायतें दर्ज हुईं। सभी शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित टीमों को मौके पर भेजा गया।