श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन हुआ। इसकी अध्यक्षता डीएम ने की। उन्होंने किसानों की समस्याओं को सुनकर निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। किसानों से गोवंश को खुला न छोड़ने तथा वैज्ञानिक विधि से खेती करने की बात कही।
बैठक में डीएम ओपी आर्य ने कहा कि सरकार किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों का दायित्व बनता है कि उनके विभागों में संचालित योजनाओं का लाभ पात्रों को समय से उपलब्ध कराएं। बैठक के दौरान कृषि, सिंचाई /नहर, नलकूप, जल निगम, उद्यान, विद्युत, बैंक एवं भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारियों से किसानों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने किसानों से कहा कि वह अपने गोवंशों को बेसहारा न छोड़े। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह फैसला लिया है कि जो किसान गोशाला से गोवंश को लाकर उनकी सेवा करेंगे, उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने किसानों से खाली भूमि पर पौधरोपण करने को कहा।
बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से किसानों को क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवजा समय पर देने को कहा। मौके पर सीडीओ अवनीश राय, प्रभागीय वनाधिकारी एपी यादव, उप निदेशक कृषि जसपाल, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना मौजूद रहे।