जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर क्षेत्र में बेटी की शादी के लिए जमीन बेचने जा रहे एक व्यक्ति से नाराज उसके पुत्र ने शनिवार को डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। उसे ग्रामीणों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी पुत्र मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यह घटना मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ओदाही मजरा बढ़इन गांव में हुई। गांव के रामनिवास (50) ने अपनी बेटी शकुंतला का विवाह तय किया था। विवाह धूमधाम से करने के लिए रामनिवास अपनी जमीन बेचने की तैयारी कर रहा था। इसकी जानकारी होने पर रामनिवास के बेटे अक्षय कुमार ने विरोध किया।
जमीन बेचने को लेकर शनिवार सुबह रामनिवास और अक्षय के बीच झगड़ा हो गया। परिजनों के मुताबिक पिता से नाराज होकर अक्षय कुमार ने डंडे से रामनिवास के सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से रामनिवास बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।
परिजनों की चीख पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने रामनिवास को सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे मल्हीपुर थाने के पुलिसकर्मियों ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी घनश्याम चौरसिया के मुताबिक मृतक की पुत्री शकुंतला ने अक्षय कुमार के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी है। घटना के बाद फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।