इकौना में छापेमारी के दौरान खोवे का लिया गया नमूना व मौजूद अधिकारी
- फोटो : SRAWASTI
श्रवस्ती। जिलाधिकारी टीके शिबु के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने त्योहार के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान पंद्रह खाद्य पदार्थों का नमूना भरा गया, जिसमें खोया, कचरी, आटा, रिफाइंड, पामोलीन तेल व सूजी शामिल है। वहीं, इस दौरान करीब एक लाख रुपये का दूषित खाद्य पदार्थ नष्ट कराया गया।
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी इकौना के नेतृत्व में इकौना में छापा मारा गया। इस दौरान पचास किलोग्राम खोया, 29 किलोग्राम अरहर की दाल व 45 किलोग्राम सरसों का तेल सीज किया गया। इस बारे में और अधिक जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहार के मद्देनजर छापा मारा जा रहा है। भरे गए नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।