पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी। - स्रोत: पुलिस
श्रावस्ती। भिनगा के ग्राम पंचायत मछरिहवा के मजरा मुरावनपुरवा निवासी कल्लू (35) का शव बीते 30 जनवरी को ऐलहवा कर्बला के पास नाले में उतराता मिला था। शव मिलने के बाद मृतक के बच्चों ने गांव निवासी कृष्ण कुमार मौर्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। विवेचना के दौरान सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
सीओ भिनगा सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के बाद कोतवाल भिनगा राज प्रकाश सिंह टीम के साथ जांच कर रहे थे। गुप्त सूचना पर सोमवार को आरोपी को अंटा तिराहे के पास जंगल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा लकड़ी का फंटा, मोबाइल फोन व बाइक बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पहले पिलाई शराब फिर गला दबाकर की हत्या
सीओ ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी अपने साथी कल्लू को बाइक पर बैठा कर गांव से बाहर ले गया। इस दौरान कल्लू के बच्चों ने उनको जाते देख लिया था। आरोपी ने पहले कल्लू को शराब पिलाई। दोनों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने कल्लू के सिर पर फंटे से हमला कर दिया। साथ ही गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वहीं साक्ष्य छिपाने के लिए कल्लू के शव को नाले में फेंक दिया।