श्रावस्ती। लक्ष्मनपुर कोठी राप्ती बैराज स्थित गेस्ट हाउस में गुरुवार को जल शक्ति मंत्री ने श्रावस्ती व बलरामपुर के अधिकारियों के साथ संभावित बाढ़ की तैयारियों व जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संभावित बाढ़ से बचाव के लिए राहत व बचाव कार्य की तैयारी व सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।
समीक्षा बैठक के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि संभावित बाढ़ एवं अतिवृष्टि को दृष्टिगत रखते हुए राहत एवं बचाव कार्य से जुड़े सभी विभागीय अधिकारी अपनी कार्य योजना विगत वर्षो में आई बाढ़ के अनुभव के आधार पर तैयार कर लें ताकि जिले में अचानक बाढ़ भी आ जाती है तो तत्काल पीड़ितों को राहत एवं सहायता प्रदान की जा सके।
संबंधित विभागीय अधिकारी उन गांवों का दौरा एवं गांव वालों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके द्वारा दिए गए सुझाव के आधार पर राहत एवं बचाव कार्य करें। सभी बाढ़ चौकियों पर स्वास्थ्य टीम की व्यवस्था के साथ-साथ बरसात के दिनों में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए तथा बाढ़ के दौरान सर्पदंश से बचाव के लिए एंटी वेनम सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए।
संभावित बाढ़ को देखते हुए पशुओं को चारे की कोई दिक्कत न होने पाए, इसके लिए भूसे का इंतजाम कर लिया जाए। पशुओं को बरसात के दिनों में होने वाली बीमारियों के बचाव के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण कराया जाए। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से बचाव के लिए कराये गये कटान निरोधी कार्यो की भी समीक्षा की। अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि बरसात एवं बाढ़ के मद्देनजर यदि कहीं मरम्मत कार्य कराया जाना है उसे तत्काल कराकर पूरा किया जाए।
जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जन-जन को स्वस्थ रखने के लिए शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए देश एवं प्रदेश की सरकार प्रतिबद्ध है। इसलिए जिले में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल योजना का संचालन कर हर घर को नल से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
अधिशाषी अभियंता जल निगम ने बताया कि जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत जल जीवन सर्वेक्षण-2023 माह मई में त्रैमासिक रैंकिंग जारी की गई थी। जिसमें जिले को पूरे भारत वर्ष में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। इसके बाद उन्होंने गेस्ट हाउस परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित किया।
हुसैनपुर खुरहरी में पेयजल योजना का शुभारंभ
हर घर पेयजल योजना के तहत हुसैनपुर खुरहुरी में पाइप लाइन बिछाई गई थी जिसका शुभारंभ गुरुवार जल शक्ति मंत्री ने मोटर चलाकर किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पेयजल स्वच्छता समिति के सदस्यों, एफटीके के माध्यम से गांव में जल परीक्षण कार्य कर रही पांच महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस परियोजना से हुसैनपुर खुरहुरी में 2489 लोगों को पेयजल का लाभ मिला है। संवाद