श्रावस्ती। जमुनहा क्षेत्र में उर्वरक की दुकानों पर मंगलवार को डीएम ने छापा मारा। इस दौरान अनियमितता मिलने पर दो दुकान को डीएम के निर्देश के बाद एसडीएम जमुनहा ने सीज कर दिया। कार्रवाई से उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
जमुनहा के नासिरगंज लक्ष्मनपुर में स्थित आईएफएफबीसी कृषक सेवा केंद्र से किसानों को अधिक दाम पर उर्वरक बेचा रहा था। इसकी शिकायत के बाद मंगलवार को जिलाधिकारी ओपी आर्य ने दुकान पर छापा मारा। इस दौरान दुकान में स्टाक व वितरण की कोई भी पंजिका नहीं मिली। न ही ई-पास मशीन का प्रयोग होते ही मिला।
दुकान से लाइसेंस धारक राम सूरत भी नदारद मिले। इस पर डीएम ने दुकान को सील कराने के साथ ही जिला कृषि अधिकारी आरपी राना को मौके पर तलब किया। उन्हें दुकान की जांच कर शाम तक ब्योरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने चंदन कोटिया नासिरगंज में संचालित अवधेश कुमार के योगेश ट्रेडर्स के यहां छापा मारा। यहां भी उन्हें अनियमितता दिखी।
यहां न तो स्टाक पंजिका व वितरण पंजिका सुव्यवस्थित मिली और न ही ई-पास मशीन का प्रयोग होता मिला। इस पर डीएम ने दुकान को एसडीएम से सीज करवा दिया। साथ ही जिला कृषि अधिकारी को दुकान का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस दौरान उनके साथ सीडीओ अवनीश राय, एडीएम योगानंद पांडेय व एसडीएम जमुनहा मौजूद रहे।