श्रावस्ती। इंडियन बैंक के सहयोग से जिला अस्पताल में लगा हेल्थ एटीएम महज शो पीस बना है। इसे संचालित करने के लिए तैनात टेक्नीशियन बैंक ने वापस बुला लिया है। इसके बाद से ही हेल्थ एटीएम पर होने वाली सभी तरह की चिकित्सकीय जांच का कार्य बंद पड़ा है। पैथोलॉजी विभाग में लगाए गए हेल्थ एटीएम को बीते तीन माह से बैंक की तरफ से भेजे गए टेक्नीशियन के माध्यम से ही संचालित किया जा रहा था। इससे मरीजों को होने वाली विभिन्न जांच के नतीजे कुछ ही देर में मिल जाने से बड़ी राहत थी।
दो दिन पूर्व अचानक बैंक ने जांच के लिए हेल्थ एटीएम पर तैनात अपना टेक्नीशियन वापस बुला लिया। इसके बाद से ही यहां होने वाली सभी तरह की जांच बंद हैं। इससे सबसे ज्यादा परेशानी पैथालॉजी की विभिन्न जांच से जुड़े मरीजों को उठानी पड़ रही है। इस संबंध में अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक सुभाष चंद्र मित्रा बताते है कि यदि चिकित्सालय की तरफ से हेल्थ एटीएम को संचालन नहीं किया जा रहा है, तो तत्काल टेक्नीशियन भेजकर इसका संचालन शुरू कराया जाएगा ताकि मरीजों को जांच कार्य में कोई परेशानी न उठानी पड़े।