जिला चिकित्सालय में पैथालॉजी के बाहर रिपोर्ट लेने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : जिला चिकित्सालय में पैथालॉजी के बाहर रिपोर्ट लेने के लिए लगी भीड़।
श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय आने वाले मरीजों को पैथोलॉजी में कराई गई जांच की रिपोर्ट समय से नहीं मिल पा रही है। इससे उन्हें अस्पताल के दो बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। अस्पताल में पहले की अपेक्षा मशीनों की संख्या बढ़ी है, फिर भी इस व्यवस्था का लाभ बेहतर ढंग से नहीं मिल पा रहा है।
जिला चिकित्सालय में मरीजों को पैथोलॉजी से लेकर एमआरआई जांच तक की सुविधा तो मिल रही है, लेकिन जांच रिपोर्ट समय से न मिलने के कारण मरीजों को परेशानी हो रही है। पैथोलॉजी जांच के लिए एक वर्ष पूर्व मात्र एक बायोकेमिस्ट्री व एक ही सीबीसी मशीन पर पूरा दारोमदार था, लेकिन बीते माह जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी को बेहतर बनाने के लिए बायोकेमिस्ट्री मशीनों की संख्या बढ़ाकर तीन कर दी गई। वहीं, सीबीसी मशीनों की संख्या भी बढ़ाकर दो कर दी गई है। फिर भी जांच रिपोर्ट के लिए अगले बुलाया जा रहा है। जो मरीज पूर्वाह्न 11 बजे तक सैंपल देते हैं उन्हें तो दोपहर एक बजे तक रिपोर्ट दे दी जाती है, लेकिन 11 बजे के बाद सैंपल देने वाले मरीजों को दो बजे के बाद जांच रिपोर्ट दी जाती है। तब तक ओपीडी समाप्त हो जाती है। ऐसे में मरीजों को अगले दिन आना पड़ता है।
मरीजों की बढ़ती संख्या बन रही कारण
जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं, मरीजों की संख्या के सापेक्ष मशीनों की संख्या कम है। साथ ही कर्मियों की भी कमी है। उपलब्ध संसाधनों से मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। आईपीडी लैब को संचालित करने वाली संस्था से बात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
- डॉ. राजपाल सिंह, सीएमएस