श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली व उसके बगल स्थित अग्निशमन केंद्र का सोमवार को पुलिस अधीक्षक ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को दुरुस्त रखने माल मुकदमाती का समय से निस्तारण कराने व विवेचना में तेजी लाने का निर्देश दिया। दोबारा निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह सोमवार को भिनगा कोतवाली पहुंचे। उन्होंने थाना कार्यालय, परिसर, कार्यालय स्थित रजिस्टर नंबर-8, अपराध रजिस्टर, एक्टिव लिस्ट, बीट सूचना रजिस्टर, फ्लाई शीट रजिस्टर, हेल्प डेस्क आदि का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना निरीक्षण व लावारिस तथा मुकदमाती मालों के निस्तारण के लिए प्रभारी निरीक्षक को दिशा-निर्देश दिया।
थानों पर तैनात सभी विवेचकों को विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने व गुणवत्तापूर्ण ढंग से विवेचना करने का निर्देश दिया। प्रभारी निरीक्षक को जनसंख्या के आधार पर ग्रामीण क्षेत्र में तीन से चार हजार की आबादी पर एक बीट तथा शहरी क्षेत्र में पांच से छह हजार की आबादी एक बीट बनाने का निर्देश दिया। थाना स्टाफ का नियमित सम्मेलन कर उनकी समस्याओं को सुनकर उसका निस्तारण सक्षम अधिकारी से कराने, बीट कर्मचारियों को बीट सूचना दर्ज कराने तथा बीट सूचना पर आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कोतवाल को निर्देश दिया।
इसके साथ ही होली को सकुशल सम्पन्न कराने, अफवाह फैलाने व शांति व कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने, उनके साथ किसी भी प्रकार की नरमी न बरतनेे तथा उन पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना पर आने वाले फरियादी की शिकायत नोट करने तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण को कहा।
इसके बाद उन्होंने कोतवाली सहित अग्निशमन केंद्र पहुंच कर आवासीय भवनों, भोजनालय, शौचालय व उठने-बैठने के स्थानों का निरीक्षण कर उसे स्वच्छ रखने को कहा। इस दौरान उन्होें कार्यालय के अभिलेखों का रखरखाव, अग्निशमन वाहनों को स्टार्ट करके देखा। इसके साथ ही साथ हाईड्रोलिक कटर, सर्कुलर शॉ, वाटर मिस्ट, लाइफ सेविंग इक्यूपमेंट आदि का भी ट्रायल करके देखा।
इस मौके पर सीओ हौसला प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह व प्रभारी फायर सर्विस भिनगा वीरेंद्र कुमार, एसआई अजय कुमार, वाचक सुरेश चंद्र पांडे सहित अन्य मौजूद रहे।