श्रावस्ती। भिनगा स्थित जन शिक्षण संस्थान में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय कौशल दक्षता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं व युवतियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की ओर से संचालित जन शिक्षण संस्थान में कार्यक्रम के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को महिलाओं व युवतियों को विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। संस्थान के निदेशक पटमेश श्रीवास्तव ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण, जनजाति बहुल व शहरी क्षेत्र की महिलाओं को प्रशिक्षण दे कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
प्रशिक्षण के दौरान उन्हें नवाचार, डिजिटल स्किल, सरकारी ऋण योजना, अनुदान व रोजगार तथा स्वरोजगार के बारे में बताया गया। जीआईटीआई भिनगा के प्रधानाचार्य विनोद गुप्ता ने कहा कि आधुनिक समय डिजिटल व तकनीकी का है, इसलिए तकनीकी शिक्षा का प्रशिक्षण प्रशिक्षुओं की कार्य क्षमता सुधारने में सहायक होगा।
मिशन प्रबंधक संदीप सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं व युवतियां युवा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण लेकर विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार स्थापित कर स्वावलंबी बन सकती हैं। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी शिव बहाल मौर्य, लल्लू सिंह, संजय श्रीवास्तव, अशोक कुमार, आयशा, गायत्री गुप्ता, आराध्या पांडेय व आरती आदि मौजूद रहीं।