स्वदेशी मेले में मिट्टी के बर्तनों की खरीदारी करती महिला।- संवाद
श्रावस्ती। जूनियर हाईस्कूल भिनगा में आयोजित 10 दिवसीय यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेले के छठवें दिन मंगलवार को कृषि विभाग की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। शाम को कलाकारों ने गीत-संगीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे लोग खासा उत्साहित हैं।
स्वदेशी मेले अपर जिला कृषि अधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा कि यह मेला किसानों के लिए काफी मुफीद साबित हो रहा है। किसानों को जहां एक ओर स्टॉल के माध्यम से विभिन्न रसायनों व कीटनाशकों की जानकारी दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद किसानों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण किया। साथ ही अपनी जरूरत के चीजों की खरीदारी भी की। शाम को लोक कला व लोक गीतों का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने दर्शक दीर्घा में बैठकर कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकार शाहिद रजा, राजकुमार गुप्ता, मोहम्मद शमीम, राजकुमार मिश्रा, जयकरन वर्मा तथा हिमानी सिंह ने अपने गीतों के माध्यम से लोगों का दिल जीत लिया।