श्रावस्ती। जश्न-ए-आजादी का महापर्व जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के लिए गुरुवार को डीएम ने अधिकारियों व कार्यालयाध्यक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही महापर्व की पूर्व संध्या पर सरकारी कार्यालयों, भवनों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्तंभों को विद्युत झालरों से सजाने को कहा है। वहीं क्रॉस कंट्री दौड़ के साथ स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताओं व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करने को कहा है।
जिले के सभी अधिकारियों व कार्यालयाध्यक्षों को जारी निर्देश में डीएम ओपी आर्य ने कहा है कि जश्न ए आजादी का महापर्व इस वर्ष धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए सभी सरकारी कार्यालयों, भवनों, संस्थाओं, अर्द्धसरकारी संस्थाओं व तहसील तथा विकास खंड परिसर में स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्तंभों को 14 अगस्त की रात्रि में ही विद्युत झालरों से सजाया जाएगा।
इसके साथ ध्यान रखा जाए कि निर्धारित मानक के अनुरूप निर्मित स्वच्छ ध्वज का ही प्रयोग हो। ध्वजारोहण सुबह 08.00 बजे सभी स्थानों पर किया जाए। सायंकाल सूर्यास्त के समय निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ध्वज उतारा जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए। पंद्रह अगस्त पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 06:30 बजे बालकों की 5 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर हरिहरपुर मोड़ तथा यहां से वापस कलेक्ट्रेट गेट पर समाप्त होगी। बालिकाओं की दो किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ स्टेडियम परिसर में सुबह सात बजे होगी। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसी दिन चिकित्सा शिविर, व्याख्यान प्रतियोगिता एवं वाद विवाद, पेंटिंग एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा व जनगतीज इंटर कॉलेज इकौना में होगा।
साथ ही सभी माध्यमिक व इंटर कॉलेज, पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में सार्वजनिक सभा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस दौरान अधिकारियों की ओर से विभाग की खाली पड़ी भूमि व सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण भी किया जाएगा। बैठक में सीडीओ अवनीश राय, एएसपी बीसी दूबे, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, डीआईओएस, बीएसए, सेवा निवृत्त शिक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।