बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारी।: पुलिस
श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय सभागार में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह की अध्यक्षता में व्यवसायियों की मासिक गोष्ठी हुई। इसमें व्यापारियों की समस्याएं सुनने के साथ सुरक्षा उपायों पर चर्चा की गई।
व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था सुधारने, सड़क से अतिक्रमण हटाने और बस स्टैंड पर डग्गामार वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान होने से व्यापार सुचारु रूप से चल सकेगा। इसके अलावा पेट्रोल पंपों की सुरक्षा और स्कूली बसों की फिटनेस से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं।
एएसपी ने इनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एएसपी ने व्यवसायियों को अपने गार्डों और चौकीदारों का पुलिस सत्यापन कराने, प्रतिष्ठानों को बालश्रम मुक्त बनाने तथा चोरी व लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में आग से बचाव के लिए प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण रखने और ऑनलाइन ठगी व इंटरनेट अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। व्यापारियों से गोपनीय कोड साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने की अपील की गई।
इस मौके पर प्रभारी यातायात मोहम्मद शमीम, जिला उपाध्यक्ष व्यापार मंडल मोहम्मद रिजवान व दीनानाथ गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।