तुलसीपुर। सोनवा थाने पर ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे होमगार्ड जवान को बुधवार सुबह तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल होमगार्ड को जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सोनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरवांहरगुन निवासी कृष्णगोपाल विश्वकर्मा (50) होमगार्ड जवान थे, उनकी तैनाती सोनवा थाने पर थी। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को उनकी रात्रिकालीन ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद बुधवार की सुबह वह घर लौट रहे थे।
बहराइच-भिनगा फोरलेन पर मोहरानिया गांव के पास प्रकाश धर्मकांटे के सामने उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कृष्ण गोपाल उछल कर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय ने उन्हें एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भिनगा भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कृष्ण गोपाल के परिजनों ने बताया कि उनकी तीन बेटियां और दो बेटे हैं। वह अपने पीछे पत्नी शकुंतला देवी, बेटी अंजनी (20), बेटा मोहित(17), रोहित (13), बेटी लक्ष्मी (10) व राधिका (8) को छोड़ गए हैं।