श्रावस्ती। हरितालिका तीज पर कांवड़ यात्रा, विभूतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक व मेले को लेकर वृहद डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इसके तहत मंगलवार की रात आठ बजे तक सिरसिया मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।
एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सोमवार दोपहर से मंगलवार की रात तक डायवर्जन लागू रहेगा। डायवर्जन के तहत बहराइच से भिनगा–सिरसिया होते तुलसीपुर जाने वाले वाहनों को लक्ष्मणनगर चौराहा से गिलौला होते हुए बलरामपुर भेजा जाएगा।
तुलसीपुर से सिरसिया–भिनगा होते हुए बहराइच जाने वाले वाहन तुलसीपुर से बलरामपुर, इकौना, गिलौला होते हुए बहराइच जाएंगे। मथुरा बाजार से लक्ष्मणपुर-जोखवा होते हुए सिरसिया जाने वाले वाहनों का सिरसिया जाना प्रतिबंधित रहेगा।
तालबघौड़ा से चिल्हरिया होते सिरसिया जाने वाले वाहन राजपुर मोड़ चौकी के आगे प्रतिबंधित किए गए हैं। चिल्हरिया मोड़ से भिनगा जाने वाले वाहन राजपुर मोड़ से अंटा तिराहा होते हुए भिनगा और बहराइच-भिनगा मार्ग पर भखला पुल से भिनगा तक सड़क को एक लेन किया गया है।
बनाए गए 14 पार्किंग स्थल
विभूतिनाथ मंदिर के पास श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए 14 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। एसपी ने बताया कि निरालानगर फायर सर्विस ग्राउंड के आगे सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। बलरामपुर की ओर से आने वाले वाहन पटखैली मस्जिद पार्किंग तक ही जाएंगे और मंदिर के मुख्य गेट से सभी श्रद्धालुओं को पैदल जाना होगा।