श्रावस्ती। कोरोना के मद्देनजर जिले में भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भंगहा स्थित एल-टू अस्पताल को सक्रिय करने के साथ ही संयुक्त जिला चिकित्सालय में भी एक कक्ष को आरक्षित किया गया है। कोरोना के लक्षण वाले मरीजों की जांच भी शुरू कर दी गई है। हालांकि अब तक कोई पॉजिटिव नहीं मिला है।
देश व प्रदेश में जिस तरह कोरोना फिर एक बार पांव पसारने लगा है, इससे लोगों की यादें ताजा हो रही हैं। ऐसे में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। इस क्रम में संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में तीन बेड का एक कक्ष आरक्षित किया गया है।
सीएचसी भंगहा को जो विगत वर्ष एल-टू अस्पताल के रूप में परिवर्तित था, उसे फिर से सक्रिय कर दिया गया है। साथ ही जिला चिकित्सालय स्थित लैब में कोरोना के लक्षण वाले मरीजों की जांच शुरू कर दी गई। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि जिले में सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। यदि किसी मरीज में कोरोना के लक्षण दिखेंगे तो उसको पूर्व की तरह की क्वारंटाइन किया जाएगा।
जिले में सीएचसी भंगहा, सोनवा, लक्ष्मनपुर व जिला अस्पताल स्थित ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह से सक्रिय हैं। ऑक्सीजन की आवश्यकता होने पर मरीजों को कहीं भी भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि अभी तक जिले में एक भी मरीज कोरोना का नहीं मिला है। इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है। अभी स्थिति पूरी तरह सामान्य है। लोग अपने खानपान पर विशेष ध्यान रखें। शारीरिक व मानसिक क्षमता को बढ़ाने के लिए प्रतिदिन योग अवश्य करें।