छात्राओं को टेबलेट प्रदान करते डीएम, एसपी व सीडीओ
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षा की ओर एक कदम आगे बढ़ाते हुए डीएम, एसपी व सीडीओ ने परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा आठ की मेधावी छात्राओं को टैबलेट प्रदान किया। टैबलेट पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि संस्था ने जिले की कक्षा आठ में अध्ययनरत 25 छात्राओं को जो टैबलेट दिया है निश्चित ही वह इससे लाभान्वित होंगी। साथ ही गूगल द्वारा विकसित रीड लॉग एप्लीकेशन का प्रयोग करते हुए बच्चों को भाषायी दक्षता में निपुण बनाने का कार्य करेंगी। इसके साथ ही विभिन्न खेलों के माध्यम से बुनियादी गणित की दक्षता को बढ़ाएंगी। उन्होंने कहा कि जिले में बाल विवाह का प्रचलन है। इसे रोकने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएं। यह ध्यान रखा जाए कि किसी भी बेटी का बाल विवाह न होने पाए और उसे हर हाल में शिक्षा से भी जोड़ा जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि बेटियों को टैबलेट मिलने से वह तकनीकी गुण भी सीखेंगी और अपना भविष्य संवारेंगी। मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं, जरूरत इस बात है कि उन्हें बिना भेद भाव के आगे बढ़ाया जाए। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय ने किया। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी किरन, खंड शिक्षा अधिकारी भरत भूषण, अखिलेश यादव व पिरामल फाउंडेशन के लोग मौजूद रहे।