श्रावस्ती। चांदगढ़ी निवासिनी एक युवती की लाश बुधवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के निकट तालाब में उतराती मिली। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने लाश को तालाब से निकलवाया और पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसिया के मजरा चांदगढ़ी निवासी पतिराम की पत्नी आरती देवी (19) की लाश बुधवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के दक्षिण में स्थित तालाब में उतराती दिखी। खेतों में काम करके लौट रहे ग्रामीणों ने लाश देख इसकी सूचना पतिराम के परिवारीजनों को दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से लाश को तालाब से बाहर निकलवाया।
इसकी सूचना परिवारीजनों ने सिरसिया पुलिस को दिए बगैर लाश का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, इस संबंध में सिरसिया थाने में तैनात हलका दारोगा राजमनि यादव ने बताया कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। मामले की छानबीन की जाएगी।