कुत्ते के हमले में घायल सौम्या।- संवाद
श्रावस्ती। सोनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हुसैनपुर खुरहुरी निवासी सौम्या (06) पर रविवार दोपहर कुत्ते ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी सौम्या को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। बालिका के चेहरे व आंख पर गंभीर घाव हैं।
बुआ काजल ने बताया कि सौम्या कक्षा एक की छात्रा है। रविवार की छुट्टी होने के चलते वह दोपहर में घर के बाहर खेल रही थी। घर के अन्य परिजन अपने-अपने कार्यों में लगे थे। उसी दौरान पहुंचे कुत्ते ने सौम्या पर हमला कर दिया। सौम्या की चीख सुन परिजन बाहर दौड़े और लाठी फटकार कर कुत्ते को भगाया।
हमले में सौम्या के शरीर पर कई जख्म हो गए हैं, आंख व चेहरे के पास का मांस नदारद हो गया। लहूलुहान हालत में उसे सीएचसी सोनवा ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में भी उसकी हालत खराब देख चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। शनिवार को भी गांव निवालसी दीपक (8) को कुत्ते ने जख्मी कर दिया। सोनवा पीएचसी में उसका इलाज कराया गया।
कुत्ते के हमले में घायल बालिका को इलाज के लिए लाया गया था। उसकी आंख व चेहरे पर गहरा घाव है। बेहतर इलाज के लिए बालिका को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
-डॉ. आशीष वर्मा, इमरजेंसी, मेडिकल कॉलेज