सिरसिया (श्रावस्ती)। धान की नर्सरी की रखवाली करने परिवार के साथ गई एक बालिका गुरुवार को सड़क पार कर रही थी। इस दौरान भिनगा से सिरसिया जा रही तेज रफ्तार एसयूवी ने बालिका को टक्कर मार दी। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने चालक सहित वाहन को कब्जे में ले लिया है। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम चैलाही निवासी हरीराम का खेत चैलाही मोड़ के निकट भिनगा सिरसिया मार्ग के पास स्थित है। गुरुवार को हरीराम के परिवार के लोग धान की नर्सरी की रखवाली करने खेत गए थे। इस दौरान उनके साथ हरीराम की पुत्री कोयली (3) भी गई थी। इस दौरान खेलते खेलते कोयली भिनगा सिरसिया मार्ग पर पहुंच गई। तभी भिनगा से सिरसिया की ओर जा रही एसयूवी को देख कोयली सड़क पार भागने लगी। तभी चालक अनियंत्रित हो गया।
इसके चलते तेज रफ्तार एसयूवी ने कोयली को टक्कर मार दी। जिससे बालिका मार्ग पर ही दूर जा गिरी। घटना में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों व परिवारीजनों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने वाहन सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वाहन सहित चालक को पुलिस अपने साथ सिरसिया थाने ले गई। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक सिरसिया विनोद कुमार बताते हैं कि अभी परिवारीजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।