श्रावस्ती। जिले में बृहस्पतिवार से यूपी बोर्ड की परीक्षा प्रारंभ हो रही है। प्रथम पाली में हाईस्कूल व द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षाएं होंगी। दोनों पालियों में परीक्षार्थी हिंदी प्रश्न पत्र की परीक्षा देंगे। इस दौरान जिले में संचालित 115 विद्यालयों में पढ़ रहे कुल 21515 बच्चे 43 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। इसमें हाईस्कूल के 12644 तो इंटरमीडिएट के 8871 बच्चे शामिल हैं। परीक्षाएं सकुशल संपन्न हों इसके लिए प्रशासन की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। सोमवार छात्र अपने अपने केंद्रों पर पहुंच सीटिंग प्लान देख रहे हैं। ताकि पहली पाली में उन्हें समस्या का सामना न करना पड़े।
परीक्षार्थी बोर्ड द्वारा जारी प्रवेश पत्र हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र ले कर जाएं। इसके साथ ही यदि उपलब्ध हो तो आधार कार्ड या सरकार द्वारा जारी अन्य कोई पहचान पत्र अपने साथ ले जाएं। इसके साथ ही परीक्षार्थी पारदर्शी जामेट्री बॉक्स तथा पानी की बोतल भी अपने साथ परीक्षा कक्ष में ला सकते है। परीक्षा केन्द्र पर किसी प्रकार की अध्ययन सामग्री, मोबाइल, हेडफोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वाच, बैग तथा परीक्षा को प्रभावित करने वाले अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स यंत्र ले जाने पर पाबंदी है। इसके साथ ही परीक्षा केन्द्र से 200 मीटर की दूरी तक अनाधिकृत प्रवेश वर्जित होगा। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में बातचीत न करें, अनुशासित तथा सहज रहें, तनावमुक्त होकर परीक्षा पर फोकस करें एवं किसी प्रकार की असुविधा होने पर अपने कक्ष निरीक्षक को अवगत कराएं।