सिंचाई बंधु की बैठक के दौरान मौजूद समिति के उपाध्यक्ष व अधिकारी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को सिंचाई बंधु समिति की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष ने की। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों को किसानों की सिंचाई संबंधित समस्याओं को त्वरित निस्तारित करने के लिए कहा। जिससे किसानों को असुविधा न हो।
बैठक में सिंचाई बंधु समिति उपाध्यक्ष उदय प्रताप नारायण सिंह उर्फ शिवाजीत सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसान हित में कई योजनाओं का संचालन कर रही हैं। देश का किसान खुशहाल होगा तो निश्चित ही हमारा समाज प्रगति की ओर बढ़ेगा। इसलिए संबंधित अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वह किसानों की सिंचाई से संबंधित सभी छोटी-बड़ी समस्याओं को सुनकर उसका निराकरण करें। साथ ही इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को भी देना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही रोस्टर के अनुसार नहरों का संचालन कराने का भी निर्देश दिया। जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी शिशिर वर्मा, सहायक अभियंता विद्युत खंड आशीष कुमार सरोज, सहायक अभियंता सरयू नहर खंड-6 सुरेश प्रताप, सहायक अभियंता लघु सिंचाई राजेन्द्र सिंह, सहायक अभियंता सरयू नहर खंड-3 सौरभ सिंह, सहायक अभियंता सरयू नहर खंड-5 राजाराम यादव, सहायक अभियंता सरयू नहर खंड नानपारा रामफल, सहायक अभियंता सरयू नहर खंड-1 बलरामपुर रामनरेश वर्मा, सहायक अभियंता चित्तौड़गढ़ बांध निर्माण खंड बलरामपुर एमटी राय, अवर अभियंता नलकूप नानपारा सुजीत कुमार मौर्य, सहायक अभियंता नलकूप खंड बहराइच रामगोपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।