श्रावस्ती। जिले में 31 अक्तूबर तक शत प्रतिशत मवेशियों का टीकाकरण किया जाएगा, ताकि उन्हें खुरपका, मुंह पका, पोकनी आदि बीमारियों से बचाया जा सके। इसके लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट से सचल वाहन को रवाना किया गया। इसे डीएम ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने किसानों व पशुपालकों से अपने मवेशियों का टीकाकरण कराने की अपील भी की।
जिले के मवेशियों को खुरपका, मुंहपका व पोकनी जैसे रोग से बचाने के लिए 31 अक्तूबर तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। जिसमें पशुपालन विभाग की टीमें घर घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। इसके लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी टीके शिबु ने टीकाकरण सचल वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में जितने भी पशु हैं, उनका शत प्रतिशत टीकाकरण किया जाए। इस दौरान यह भी ध्यान रखा जाए कि कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित ना रहे। इसके लिए जिलाधिकारी ने किसानों व पशुपालकों से भी अपील किया है कि वह अपने पशुओं को बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण जरूर कराएं।
टीकाकरण के साथ साथ पशुओं में यूआईडी टैग लगाने की भी योजना है। जिसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर एक्सीलेटर एवं हेल्पर का चयन पशुपालन विभाग की ओर से किया गया है। डीएम ने कहा कि पशुपालक अनिवार्य रूप से इसमें सहयोग करें। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जयइंद्र सिंह व डॉ. योगेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।