श्रावस्ती। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया में सोमवार को आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकरण व पूछताछ काउंटर का शुभारंभ किया गया। इस दौरान आरोग्य मित्रों को ड्रेस, टी शर्ट व टोपी दी गई। योजना के तहत फायदा उठाने वाले लोगों को पंजीकरण करवाकर गोल्डन कार्ड बनवाना होगा।
इस दौरान सीएचसी अधीक्षक सिरसिया सूर्य कुमार सिंह ने पंजीकरण व पूछताछ काउंटर का शुभारंभ करते हुए कहा कि यहां दो आरोग्य मित्रों को तैनात किया गया है जो लोगों को गोल्डन कार्ड बनवाने से लेकर इलाज तक पूरी जानकारी देंगे। इसके साथ ही आयुष्मान भारत के हेल्पलाइन नंबर 14555 पर भी कॉल करके जानकारी ली जा सकती है।
योजना का लाभ लेने के लिए पहले पंजीकरण करवाना होगा जिसके लिए वर्ष 2011 के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से पिछड़े परिवारों के सर्वे में चुने हुए लोगों को शामिल किया गया है। इसके लिए पात्र को काउंटर पर जाकर मोबाइल नंबर या नाम बताना होगा।
इससे उनकी व उनके पूरे परिवार की जानकारी आ जाएगी। इसके बाद आयुष्मान भारत के तहत अलग से गोल्डन कार्ड बनाया जाएगा। योजना का फायदा उठाने के लिए यह कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। बिना कार्ड के योजना का फायदा नहीं मिलेगा।
योजना के तहत पात्र परिवार पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज किसी भी सरकारी व निजी अस्पताल में करवा सकेंगे। इस दौरान आरोग्य मित्रों को उनकी पहचान के लिए टी-शर्ट व टोपी दी गई। इस दौरान डीआईएसएम गोविंद शुक्ला सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पंकज यादव ने कहा कि जिले के दो लाख 75 हजार लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया जाना है। इनमें से 32 हजार 427 पात्रों का गोल्डन कार्ड बनाया जा चुका है। एक हजार 49 लोग अब तक इस योजना का लाभ ले चुके हैं।