गिलौला में श्रीगणेश पूजा स्थल का जायजा लेते सीओ इकौना।
- फोटो : SRAWASTI
गिलौला (श्रावस्ती)। जिले में 2 सितंबर से श्री गणेश पूजन महोत्सव का आयोजन होगा। ऐसे में गिलौला के शिव मंदिर व सीएचसी परिसर में चल रही तैयारियों का सोमवार को सीओ इकौना ने जायजा लिया। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से वार्ता कर दिशा-निर्देश दिया। कहा कि आयोजन के दौरान आमजन मानस की सुविधा का ध्यान रखा जाए।
गिलौला कस्बा स्थित शिव मंदिर सहित सीएचसी गिलौला परिसर स्थित हनुमान मंदिर पर श्रीगणेश पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडे ने वहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया।
इसके साथ ही उन्होंने पूजा के संबंध में दोनो समितियों के सदस्यों से वार्ता कर उनकी समस्याएं भी जानीं। इस दौरान सीओ ने समिति के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पूजा आयोजन में कोई ऐसा कार्य न किया जाए जिससे आमजन मानस को कठिनाई का सामना करना पड़े।
पूजा के दौरान व जुलूस में डीजे को प्रतिबंधित किया गया है। इसका प्रयोग न किया जाए। उच्च न्यायालय के आदेश का पालन होना चाहिए। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर गुंडा एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान थानाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, प्रकाश चंद, दीपक गुप्ता, दीपक जायसवाल सहित दोनों समितियों के सभी सदस्य व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भंडारे के साथ होगा महोत्सव का समापन
भिनगा के शंकरी सिंह चौराहा के निकट भोले शिवाला पुरानी बाजार में श्री बाल गणेश पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत सोमवार दो सितंबर को प्रतिमा स्थापना के साथ होगी जबकि सात को महाआरती, आठ को विशाल भंडारा व 11 सितंबर को प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान छह व सात सितंबर को लखनऊ के कलाकार देवी जागरण का कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।।