छात्रों को जागरूक करते योगेंद्र मणि त्रिपाठी। -स्रोत : स्वयं
श्रावस्ती। छात्र-छात्राओं के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक कल्याण को लेकर बुधवार को सामाजिक संस्था सद्भावना की ओर से हरदत्तनगर गिरंट के श्रीकृष्ण व पंडित रामखेलावन इंटर कॉलेज में चौपाल का आयोजन किया गया। स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित चौपाल में संस्था के योगेंद्र मणि त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को जानकारी दी।
योगेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार की ओर से स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, ताकि किशोर छात्रों को बेहतर स्वास्थ्य के साथ-साथ, बेहतर जीवनशैली और पोषणयुक्त स्कूली माहौल मिले। बावजूद इसके जिले में इसका पालन कहीं नही हो रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य चौपाल का उद्देश्य कॉलेज प्रबंधन व छात्रों को इनके प्रति सचेत करना है। किशोर पीढ़ी को अगर कॉलेज में ही संस्कारों से दीक्षित और उद्देश्यों के प्रति सजग नहीं किया गया, तो हम अमृत काल में विकसित भारत के संकल्प को खो देंगे। इस दौरान प्राचार्य सुशील यादव व हर्षित कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।