श्रावस्ती। नेपाल से पांच किलो चरस ला रहे चार तस्करों को शनिवार रात मल्हीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चारों तस्कर चरस लेकर नेपाल से नानपारा होते हुए बांदा की ओर जा रहे थे। पकड़े गए आरोपी बांदा के रहने वाले हैं। चरस तस्करी में उपयोग किया गया वाहन भी सीज कर दिया गया है।
मल्हीपुर थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय के साथ पुलिस कर्मी शनिवार रात गश्त कर रहे थे। रात सवा ग्यारह बजे पुलिस ने माल्ही चौराहे पर नानपारा की तरफ से एक एसयूवी को आते देखा। पुलिस ने गाड़ी को रोकने का संकेत दिया तो चालक वाहन घुमा कर भागने लगा। इस पर पुलिस ने पीछा करके गाड़ी को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी में चार पैकेट चरस मिली, जिसका वजन पांच किलो निकला। गाड़ी में बैठे लोगों ने पूछताछ में अपना नाम सत्यनारायण पुरवार निवासी हीरा देवी मार्केट कैथी बाजार, रितेश निवासी मर्दन नाका मनोहरीगंज, धर्मेंद्र ओमर निवासी बिनियौरा कोतवाली के पीछे व भारत निवासी मर्दन नाका कोतवाली नगर बताया।
चारो आरोपी बांदा जिले के रहने वाले हैं। सभी के विरुद्ध मल्हीपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। वहीं इस संबंध में एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि नेपाल से भारत में चरस की तस्करी की सूचनाएं लगातार मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर सभी थानों को सतर्क किया गया था। इसी से यह चारों अपराधी पकड़े गए हैं।