गुलरा में पौधरोपण करते जिला पंचायत अध्यक्ष।
श्रावस्ती। जिले में मंगलवार एक पेड़ मां के नाम अभियान के साथ ही वन महोत्सव की शुरुआत हुई। भिनगा के गुलरा में जिला पंचायत अध्यक्ष व भिनगा विधायक ने पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान जिले के अन्य हिस्सों में पौधे रोपित किए गए।
गुलरा गेस्ट हाउस में पौधरोपण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पौधों को भी मां की तरह स्नेह दें। वृक्षों से हमें जीवन मिलता है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत शुरू हुआ वृक्षारोपण व जन जागरूकता अभियान के माध्यम से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि मां के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का एक भावनात्मक माध्यम भी बन रहा है। भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा ने पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए प्रत्येक जिलेवासियों से पौधारोपण की अपील की। इस दौरान जन प्रतिनिधियों ने डीएफओ धनराज मीणा सहित वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ पौधरोपण किया। साथ ही वृक्षों के संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं कंपोजिट विद्यालय हरदत्त नगर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां रेंजर हरि नारायण सिंह ने प्रधानाचार्य अवधेश कुमार यादव के नेतृत्व में पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया। वहीं पुलिस लाइन में एसपी घनश्याम चौरसिया के नेतृत्व में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट आरक्षियों ने पौधरोपण किया। यहां आरआई अखिलेश कुमार सहित रिक्रूट आरक्षी मौजूद रहे।