कटरा। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती शनिवार को वियतनाम से आए 40 सदस्यीय अनुयायी दल के आगमन से गुलजार रही। बौद्ध भिक्षु देवानंद के नेतृत्व में सभी ने पारंपरिक तरीके से गंध कुटी में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद आयोजित बौद्ध सभा में हिस्सा लिया।
सभा के दौरान भिक्षु देवानंद ने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ध्यान शांत मन का समाधान है, जो मन को लालसा और घृणा से ऊपर उठाता है। उन्होंने समझाया कि जिस प्रकार लहरों वाली झील की गहराई नहीं दिखती, उसी प्रकार अशांत मन से भीतर के सामंजस्य को नहीं समझा जा सकता। ध्यान हर पल को पूरी गहराई से जीना सिखाता है और व्यक्ति को अधिक तेज, खुशहाल व अंतर्ज्ञानी बनाता है।
दर्शन-पूजन के उपरांत अनुयायियों ने कच्ची कुटी, पक्की कुटी, संघाराम बुद्ध विहार, सूर्यकुंड, सभा मंडप, कौशाम कुटी और शिवाला स्तूप आदि का भ्रमण कर इसके इतिहास की जानकारी प्राप्त की।