श्रावस्ती। कोविड-19 के प्रकोप को रोकने के लिए शासन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। जिसका सभी संबंधित अधिकारी कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। जिससे कोरोना के संक्रमित मरीज किसी भी दशा में बढ़ने न पाएं। साथ ही जिले को कोरोना से मुक्ति मिल सके।
यह बातें शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 की रोकथाम के लिए अधिकारियों के साथ बैठक में जिलाधिकारी टीके शिबू ने कहीं। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को बचाने के लिए अभी और जागरूक करने की आवश्यकता है। यह जन सहयोग से ही किया जा सकता है। कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिग अपनाने के साथ ही मास्क जरूरी है।
उन्होंने सभी तहसील व विकास खंडों में अधिकाधिक जांच पर बल दिया। सभी कार्यालयों में बाहर से आने वालों का इन्फ्रारेड थर्मोमीटर से तापमान मापने के बाद ही प्रवेश देने का निर्देश दिया। इसके साथ ही एल वन हास्पिटल भंगहा में भर्ती मरीजों को समय से नाश्ता, भोजन व दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। कोविड-19 रोगियों के लिए गिलौला के नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवा को एल टू चिकित्सालय के रूप में क्रियाशील करने की डीएम नेे जानकारी भी दी।
इसके अतिरिक्त कोविड-19 रोगियों को भर्ती करने के लिए 1000 बेड के अन्य चिकित्सालय चिह्नित करने की बात भी कही। जिसे इमरजेंसी की स्थिति में अतिशीघ्र क्रियाशील कर लिया जाएगा। बैठक में सीडीओ कुमार हर्ष, एडीएम योगानंद पांडेयय, सीएमओ डॉ. एपी भार्गव, एएसपी बीसी दुबे, एसडीएम जेपी चौहान, एसीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया, डीपीआरओ किरन, अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।