श्रावस्ती। जिले में लागू लॉकडाउन का हाल जानने के लिए रविवार को डीएम व सीडीओ ने जमुनहा क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने क्षेत्र के क्वारंटीन सेंटर पर पहुंच कर वहां लोगों से मिलकर हाल जाना।
इस दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इसके साथ वहां मौजूद लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने को कहा। जिलाधिकारी यशु रुस्तगी मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय के साथ रविवार को जमुनहा पहुंची।
जहां उन्होंने जमुनहा व वीरगंज बाजार का भ्रमण कर लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मल्हीपुर के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज वीरगंज पटना जाकर क्वारंटीन सेंटर में रखे गए महाराष्ट्र से आये 26 लोगों से मिल कर उनका हाल जाना।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय बालापुर में बने क्वारंटीन सेंटर में महाराष्ट्र से आये 35 लोग, पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिकारी में क्वारंटीन 04 लोगों से मिलकर उनका हाल जाना। इस दौरान डीएम ने लोगों से उन्हें मिलने वाले भोजन व नाश्ते के बारे में जानकारी ली।
इसके साथ ही लोगों को स्वास्थ्य व भोजन संबंधी समस्या के समाधान के लिए जिलास्तर पर कलेक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम के नंबर 9454417486, 9454417485, 9044047486 अथवा 9044287486 पर सूचना देने को कहा।
साथ ही सभी को सामाजिक दूरी का पालन करने, धैर्य बनाए रखने, 14 दिन पूरा होने पर सभी को अपने घर पर 14 दिन तक एकांतवास करने की सलाह दी। इस दौरान सीडीओ ने लोगों को कोरोना से बचाव के उपाय बताते हुए उस पर अमल करने को कहा।
साथ ही सभी से मास्क अथवा गमछा, तौलिया, दुपट्टा व रुमाल का प्रयोग करने की सलाह दी। इस दौरान उप जिलाधिकारी जमुनहा आरपी चौधरी, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र नाथ दूबे मौजूद रहे।