भिनगा में बृहस्पतिवार सुबह छाया घना कोहरा। - संवाद
श्रावस्ती। तराई लगातार दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी कोहरे की चपेट में रही। कोहरे के चलते सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता घट रही और वाहन चालकों को परेशानयों का सामना करना पड़ा। कोहरे के साथ ही बादल से घिरे रहे, इससे बारिश को लेकर किसानों की धुकधुकी बढ़ी रही। दोपहर बाद आसमान साफ हुआ, धूप निकली, इससे किसानों ने राहत की सांस ली।
तराई में मौसम की उठापटक का दौर लगातार जारी है। बुधवार को घने कोहरे के बाद बृहस्पतिवार की सुबह भी तराई में कोहरा छाया रहा। हालांकि बुधवार की अपेक्षा बृहस्पतिवार को कोहरा हल्का रहा, लेकिन बादलों के चलते धूप नहीं निकली।
कोहरे व बादल के साथ-साथ सुबह के समय तेज सर्द हवा भी चली, इससे तराई में गलन बढ़ गई। गलन के चलते सुबह के समय ज्यादातर लोग घर में कैद रहे। किसान रामनरेश, शिव मोहन व अखिलेश आदि ने बताया कि गेहूं की बालियां निकल रही हैं, सरसों की फसल लगभग पक गई है। ऐसे में अगर बारिश हुई तो दोनों फसलों को नुकसान होगा।