श्रावस्ती। जिले में 74वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिले के कलेक्ट्रेट सहित कई अन्य कार्यालय व सार्वजनिक भवनों पर कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए ध्वजारोहण किया गया। वहीं आजादी के दीवानों को याद करते हुए जिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस दिन को यादगार बनाने के लिए कई स्कूलों में पौधरोपण भी हुआ।
जिले में शनिवार को धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कलेक्ट्रेट में डीएम यशु रुस्तगी ने ध्वजारोहण किया। वहीं विकास भवन में सीडीओ कुमार हर्ष ने ध्वजा रोहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में क्रांतिकारियों के पीछे आम जनता की जो शक्ति थी, उसे भी भुलाया नहीं जा सकता है। एकता से ही स्वतंत्रता मिली।
इस अवसर पर पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने ध्वजा रोहण किया। वहीं जनपद न्यायालय में जिला जज मृदुलेश कुमार सिंह, एसएसबी मुख्यालय में कमांडेंट चिरंजीव भाट्टाचार्य, वन कार्यालय में डीएफओ एपी यादव, सदर तहसील भिनगा में एसडीएम प्रवेंद्र कुमार, जमुनहा में आरपी चौधरी व इकौना में राजेश मिश्र ने ध्वजा रोहण कर जश्न ए आजादी पर अपने विचार रखे।
इसके साथ ही सीएमओ कार्यालय, ब्लॉक कार्यालय सहित सभी सीएचसी व पीएचसी, कोतवाली व थानों एवं विद्यालयों में प्रभारियों ने ध्वजारोहण किया। इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. भूदेश्वर पांडे ने ध्वजारोहण किया। चौधरी श्यामता प्रसाद महिला महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ सिम्मी तिवारी, प्राथमिक विद्यालय भोजपुर में शिक्षकों ने ध्वजारोहण किया।
लोगों से की पौधरोपण की अपील
जश्न ए आजादी के महापर्व पर अधिकारियों ने अपने कार्यालय परिसर व सार्वजनिक भूमि पर पौध रोपण किया। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों ने ग्रामीणों के सहयोग से पौध रोपण कर लोगों को इसके लिए प्रेरित किया। वहीं डीएफओ ने आम लोगों से अपील किया कि वह अपने घरों व आसपास खाली जमीनों में वृक्ष जरूर लगायें। इसके साथ ही लगाए गए पौध की देखभाल भी करें।
दूसरे दिन भी लहराता रहा तिरंगा
भिनगा के जूनियर हाईस्कूल परिसर में बने ज्ञान केंद्र में ही डूडा कार्यालय का संचालन हो रहा है। जहां रविवार को दूसरे दिन भी तिरंगा फहराता रहा। इतना ही नहीं नगर के ही मोहल्ला मंगलभट्ठा स्थित एक प्राईवेट बैंक में भी शनिवार की शाम को राष्ट्र ध्वज नहीं उतारे जाने के कारण दूसरे दिन भी ध्वज फहराता रहा।